रमेशचंद्र सिंह राठौर गट्टू बना का मंगलवार रात 8 बजे उनके गृह गांव कुमेड़ी में निधन हो गया।

बदनावर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से दो बार विधायक रहे रमेशचंद्र सिंह राठौर गट्टू बना का मंगलवार रात 8 बजे उनके गृह गांव कुमेड़ी में निधन हो गया। वे 91 साल के थे और काफी समय से बीमार थे।बुधवार सुबह उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी तथा उनकी कृषि भूमि में अंतिम संस्कार किया जाएगा। क्षेत्र में उन्हें गट्टू बना के नाम से जाना जाता था।
वे पहली बार 1985 में भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे तथा दूसरी बार 1993 में चुने गए। इसके अलावा पार्टी में वे विभिन्ना महत्वपूर्ण पदों पर रहे थे। विधायक बनने से पहले वे बदनावर किसान सहकारी एवं विपणन संस्था के अध्यक्ष भी रहे थे।
बाद में उन्हें धार जिला भाजपा अध्यक्ष भी बनाया गया था। क्षेत्र में उनकी छवि ईमानदार नेता की थी। उनके निधन की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। रात में ही बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग उनके निवास पर पहुंच गए थे। उनके तीन पुत्र मनोहरसिंह, जनपद प्रतिनिधि ओपी बना व नटवर सिंह हैं।