देशमनोरंजन

रवि तेजा की खिलाड़ी 11 फरवरी को हिन्दी में सिनेमाघरों में होगी रिलीज

दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रति बॉलीवुड में आकर्षण पहले से रहा है। अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा की रिलीज के बाद एक बार फिर साउथ फिल्मों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। अब इस कड़ी में एक और तेलुगु फिल्म हिन्दी दर्शकों के बीच आने वाली है। साउथ अभिनेता रवि तेजा की तेलुगु फिल्म खिलाड़ी 11 फरवरी को हिन्दी में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह एक क्राइम एक्शन ड्रामा है, जिसका निर्देशन रमेश वर्मा ने किया है।
ट्रेड एनालिस्ट और फिल्म समीक्षक रमेश बाला ने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, रवि की आगामी एक्शन एंटरटेनर फिल्म खिलाड़ी 11 फरवरी, 2022 को हिन्दी में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को डॉक्टर जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियो) ने ए स्टूडियोज के सहयोग से प्रस्तुत किया है। पेन मरुधर इस फिल्म को उत्तर भारत में डिस्ट्रीब्यूट करने वाली है।
खिलाड़ी में मीनाक्षी चौधरी, अर्जुन सरजा, उन्नी मुकुंदन और डिंपल हयाती भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। तेलुगु में भी यह फिल्म 11 फरवरी को ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। निर्देशन के साथ-साथ रमेश ने इस फिल्म का लेखन भी किया है। खास बात यह है कि इस फिल्म में रवि डबल रोल में नजर आने वाले हैं। हिन्दी में रिलीज होने वाली यह रवि की पहली फिल्म है। देवी श्री प्रसाद ने फिल्म को म्यूजिक दिया है।
साउथ अभिनेता रवि की पिछले साल आई फिल्म क्रैक को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी। रवि की राजा: द ग्रेट, बंगाल टाइगर, विक्रमारकुडु जैसी फिल्में भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
खिलाड़ी के अलावा साउथ की कई फिल्में हिन्दी में डब की जा रही हैं। अल्लू की अला वैकुंठपुरमलो का हिन्दी संस्करण बहुत जल्द टीवी पर आएगा। फिल्म ढिंचक टीवी चैनल पर 13 फरवरी को रिलीज होगी। राम चरण की तेलुगु फिल्म रंगस्थलम भी फरवरी में हिन्दी में रिलीज होगी। सुकुमार ने फिल्म का निर्देशन किया है, जोकि पुष्पा के निर्देशक हैं। रंगस्थलम 30 मार्च, 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। आप इसे डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button