देशबड़ी खबरमनोरंजनमहाराष्ट्र

द ग्रेट इंडियन किचन के हिंदी रीमेक में दिख सकती हैं सान्या मल्होत्रा

बॉलीवुड में साउथ की कई फिल्मों के रीमेक बनते रहे हैं और अब इस लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है। हिट मलयालम फिल्म द ग्रेट इंडियन किचन का हिंदी रीमेक बन रहा है। पिछले दिनों खबर थी कि एक्टर हरमन बावेजा ने इस फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं। फिल्म के लिए कलाकारों की तलाश चल रही थी। अब चर्चा है कि इसमें अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा का नाम फाइनल हो गया है। फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि द ग्रेट इंडियन किचन के लिए कई कलाकारों से बात की जा चुकी है और आखिर में निर्माताओं ने सान्या मल्होत्रा से हाथ मिलाने का फैसला किया है। उनसे बातचीत जारी है। सान्या भी ओरिजनल फिल्म द ग्रेट इंडियन किचन की बड़ी प्रशंसक हैं। ऐसे में उन्होंने इसके हिंदी रीमेक में दिलचस्पी दिखाई है। अगर सबकुछ सही रहा तो वह इसमें अभिनेत्री निमिषा द्वारा निभाया गया किरदार निभाती दिख सकती हैं। उत्तर भारत के दर्शकों को ध्यान में रखते हुए इस फिल्म की कहानी में थोड़ी तब्दीलियां की जा रही हैं। द ग्रेट इंडियन किचन का निर्देशन जीयो बेबी ने किया था। उन्होंने कहा था, रसोईघर में एक महिला का संघर्ष भारत की लगभग सभी महिलाओं की कहानी है। यह फिल्म बनाने की प्रेरणा उन्हें अपने रसोईघर से मिली। कई निर्माता फिल्म के हिंदी रीमेक के राइट्स लेने की रेस में शामिल थे, लेकिन अंत में हरमन बावेजा ने बाजी मारी। हरमन ने फिल्म लव स्टोरी 2050 से बॉलीवुड में एंट्री की थी। फिर उन्होंने विक्ट्री और व्हाट्स योर राशि जैसी कुछ फिल्में कीं, लेकिन वह दर्शकों के बीच अपना जादू नहीं चला पाए। फिलहाल हरमन एक्टिंग छोड़ निर्माता के तौर पर काम कर रहे हैं।
द ग्रेट इंडियन किचन के हिंदी रीमेक का निर्देशन आरती कदव करेंगी। हिंदी रीमेक का नाम भी द ग्रेट इंडियन किचन ही बताया जा रहा है। इस फिल्म में भारतीय परिवार के अंदर मौजूद पितृसत्तात्मकता को दिखाया गया है और उससे प्रभावित होती रोजमर्रा की जिंदगी पर रोशनी डाली गई है। इसकी कहानी एक ऐसी महिला के आसपास घूमती दिखाई देगी, जो अपने पति की जिम्मेदारियों के साथ-साथ ससुरालवालों की उम्मीदों पर भी खरा उतरने की कोशिश करती है। सान्या लगातार अच्छे कंटेंट वालीं फिल्में साइन कर रही हैं। दर्शकों ने कोरोनाकाल में उन्हें शकुंतला देवी, मीनाक्षी सुंदरेश्वर और पगलैट जैसी फिल्मोंं में देखा है। जल्द ही वह बॉबी देओल और विक्रांत मैसी के साथ फिल्म लव हॉस्टल में दिखाई देंगी, जो जी5 पर रिलीज होगी। सान्या साउथ के जाने-माने निर्देशक अटली की एक फिल्म में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा फिल्म हिट भी उनके खाते से जुड़ी है। इसमें उनके साथ अभिनेता राजकुमार राव नजर आएंगे।

Related Articles

Back to top button