Main Slideउत्तर प्रदेशखबर 50देशप्रदेश

राज्यपाल ने किया आगरा में महिलाओं की स्किलिंग प्रदर्शनी का  उद्घाटन 

लखनऊ ।  उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा के तत्वावधान में आयोजित महिलाओं की स्किलिंग प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण देश की प्रगति के लिए आवश्यक है। महिला सशक्तीकरण का सीधा सा मतलब महिलाओं को आर्थिक रूप से ताकतवर बनाना है। महिलाएं शक्तिशाली बनती हैं तो वे अपने जीवन से जुड़े हर फैसले स्वयं ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि इक्कीसवीं शताब्दी में हमारे देश की महिलाएं न केवल स्वावलम्बी बनकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ी है, बल्कि भावी संगठनों का निर्माण करते हुए सशक्त भी हुई हैं।राज्यपाल ने कहा कि यह युग नारी शक्ति का युग है। सफल महिलाओं से प्रेरणा लेते हुए हर महिला को आर्थिक स्वावलंबन की चुनौती को स्वीकारना होगा। सरकार ने कामकाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की गरिमा को महत्व दिया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के नीतिगत सरलीकरण से देश में महिला उद्यमियों की संख्या बढ़ी है। राज्यपाल जी ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के सशक्तीकरण पर अधिक जोर देते हुए कहा कि जब ग्रामीण महिलायें और सशक्त होंगी तो हमारा देश और भी आगे बढ़ेगा हमें महिलाओं को ऐसी स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करनी चाहिए, जहां वे अपनी समस्याओं को अपने ढंग से खुद सुलझा सकें। उन्होंने कहा कि हमारी भूमिका महिलाओं की जिन्दगी में उनका उद्धार करने वाले की न होकर उनका साथी बनने और सहयोगी की होनी चाहिए। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न वस्तुओं का अवलोकन किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को महिलाओं के हुनर का प्रदर्शन कराकर उनके कार्य को आगे बढ़ाने के लिये उसे बधाई दी। कार्यक्रम में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के समस्त शिक्षक अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला उद्यमी एवं उनके सहयोगी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button