बूंदाबांदी के बाद अब झमाझम बारिश के आसार

लखनऊ, राजधानी में रविवार को इक्का-दुक्का जगहों पर बूंदाबांदी ने मौसम के करवट लेने का संदेश दिया है। ऐसे में अब झमाझम बारिश के आसार हैं। कारण, यूपी में हवा का रुख अब बदलने वाला है।
शहर में कई दिनों से तपिश बरकरार थी। रविवार को भी सुबह धूप निकली। लेकिन, दोपहर बाद बादल छा गए। करीब एक बजे से 15 से 20 मिनट रिमझिम बारिश हुई। लोकल डेवलपमेंट की वजह से हुई बारिश में कई इलाके सूने रहे गए। हालांकि, मौसम विभाग ने अब झमाझम बारिश के आसार जताए हैं।
निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक सोमवार रात से यूपी में दक्षिणी-पूर्वी हवा दस्तक दे देगी। बंगाल की खाड़ी से आने वाली इस मानसूनी हवा से राज्य में झमाझम बारिश होगी। 23 को बारिश के प्रबल आसार हैं। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 37.4 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।