Main Slide

दुष्कर्म के आरोपों से घिरे BJP विधायक की पत्‍नी ने अब उठाई आरोपित महिला की सुरक्षा की मांग

दुष्कर्म के आरोपों से घिरे भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्‍नी रीता नेगी ने अब ब्लैकमेलिंग की आरोपित महिला की सुरक्षा की मांग उठाई है। एक रोज पहले वह महिला के बच्चे की जान को खतरा होने की आशंका जाहिर कर सुरक्षा प्रदान करने मांग कर चुकी हैं। जिला पुलिस प्रमुख का दायित्व संभाल रहे डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि इस प्रकरण में अभी तक चार शिकायती पत्र पुलिस को मिले हैं, इन सभी की जांच कराई जा रही है। इसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहां तक महिला व उसके बच्चे की सुरक्षा देने की बात है, इसे थाने के स्तर पर देखा जा रहा है।

अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट से भाजपा विधायक महेश नेगी पर बीते रोज एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। साथ ही अपने बच्चे का अदालत के माध्यम से डीएनए टेस्ट कराने की मांग की। हालांकि, अभी तक महिला की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। इससे दो रोज पहले विधायक की पत्‍नी रीता नेगी इस महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं। उस पर पांच करोड़ रुपये की मांग करने और न देने पर विधायक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने का आरोप है। सोमवार को विधायक की पत्‍नी ने डीआइजी को एक और पत्र लिखा। इसमें उल्लेख किया गया कि आरोपित महिला इन दिनों कई राजनीतिक व्यक्तियों के संपर्क में है। भाजपा विधायक होने की वजह से विपक्षी दलों के नेता उनसे राजनीतिक द्वेष रखते हैं। ये लोग आरोपित महिला के साथ कुछ भी गलत कर इसका आरोप भी विधायक पर लगा सकते हैं। लिहाजा, महिला व अन्य आरोपितों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए।

महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने डीआइजी को पत्र भेजकर विधायक पर आरोप लगाने वाली महिला की सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट 29 अगस्त तक देने को कहा है। आयोग की अध्यक्ष विजय बड़थ्वाल ने बताया कि महिला का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उसने जानमाल का खतरा होने की आशंका जताई है।

Related Articles

Back to top button