Main Slideउत्तराखंड

कालसी-चकराता मोटर मार्ग के जजरेड के पास मलबा आने से मार्ग हुआ बाधित वाहनों की लगी लंबी कतार

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। देहरादून समेत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। प्रदेश में अब भी 80 संपर्क मार्गों पर आवागमन बाधित है। इनमें से 63 गढ़वाल मंडल में हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो-तीन दिन मौसम का मिजाज नरम रहेगा, लेकिन दो सितंबर से मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है।

वाहनों की लगी लंबी कतार 

कालसी-चकराता मोटर मार्ग के जजरेड के पास मलबा आने से रात को करीब दो बजे बंद हो गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी है, यात्री बारिश होने से भी काफी परेशान रहे। फिलहाल, लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है।

पहाड़ दरकने का सबसे अधिक असर सड़कों पर पड़ रहा है। शनिवार सुबह चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे करीब दो घंटे बाधित रहा। हालांकि केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज कोई दिक्कत नहीं आई। भूस्खलन से सबसे बड़ी मुसीबत संपर्क मार्गों पर है। पौड़ी जिले में सर्वाधिक 17 मार्ग बंद हैं। इससे करीब 60 गांव प्रभावित हैं। चमोली में 17 और रुद्रप्रयाग 14 मार्ग मलबा आने से बंद है। लोक निर्माण विभाग की टीम सड़कों को खोलने में जुटी है, लेकिन पहाड़ों से गिर रहा मलबा इस राह में बड़ी अड़चन है।

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर,       अधि.      न्यून.

देहरादून     33.2     23.5

उत्तरकाशी   25.8     18.2

मसूरी       22.2     15.9

टिहरी       25.2     17.6

हरिद्वार      35.6     25.3

जोशीमठ    23.4     15.4

पिथौरागढ़   28.2     19.1

अल्मोड़ा    28.7     19.4

मुक्तेश्वर    20.3    15.0

नैनीताल     22.5    18.0

यूएसनगर   34.6     24.0

चंपावत    27.5     19.6

Related Articles

Back to top button