जम्मू कश्मीरप्रदेश

जम्मू कश्मीर : डोडा में 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 11 यात्री हुए घायल

भद्रवाह से जम्मू आ रही बस रविवार सुबह डोडा में सड़क हादसे का शिकार हो गई। बस पुल डोडा के समीप 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी इससे बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बस नंबर जेके02डी-7191 भद्रवाह से जम्मू की ओर आ रही थी कि अचानक पुल डोडा के नए पुल के समीप चालक बस से अपना नियंत्रण खो बैठा। इससे बस 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 11 यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को डोडा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान बस चालक पुष्विंद्र सिंह पुत्र सुखदेव निवासी कटड़ा, बस क्लीनर सुशील सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी रामनगर ऊधमपुर के रूप में हुई है।

अन्य घायलों की पहचान मोहम्मद साबिर पुत्र अली बट निवासी गुंडना, अशोक कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी जम्मू, विस्ता देवी पत्नी संजय कुमार निवासी भद्रवाह, अरुण कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी भल्ला भद्रवाह, नसीमा बेगम पत्नी गुलाम हैदर निवासी भल्ला भद्रवाह, इंद्र कुमार पुत्र अमर चंद निवासी भद्रवाह, नीलमा देवी पत्नी धर्मेंद्र सिंह निवासी ऊधमपुर, हिमांशु पुत्र संजय कुमार निवासी ऊधमपुर और कमलेशा देवी पत्नी प्रीतम सिंह निवासी भद्रवाह के रूप में हुई है। क्षेत्रवासियों को जैसे ही बस हादसे का पता चला तो सभी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस भी पहुंच गई और सभी राहत कार्यों में जुट गए। फिलहाल दुर्घटना किस वजह से हुई है यह कहना मुश्किल है लेकिन पुलिस ने इस संबध में मामला दर्ज कर लिया है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत हैं।

Related Articles

Back to top button