खेल

Ind vs Eng 2nd Test: लंच तक टीम इंडिया ने 3 विकेट पर बनाए 106 रन, रोहित शर्मा का अर्धशतक

भारत और इंग्लैंड की टीम चार मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में टीम इंडिया तीन बड़े बदलाव के साथ उतरी है। लंच तक भारत ने 26 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए थे। रोहित शर्मा (80) और अजिंक्य रहाणे (5) पर मौजूद थे।

भारत की पारी, रोहित का अर्धशतक 

पारी की शुरुआत करते हुए भारत को पहला झटका शून्य के स्कोर पर लगा। शुभमन गिल बिना खाता खोले ओली स्टोन की गेंद पर LBW होकर वापस लौटे। पहला विकेट गिरने के बाद रोहित ने चेतेश्वर पुजारा के साथ पारी को संभाला। 47 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से रोहित ने अपना 12वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। 21 रन के स्कोर पर पुजारा को जैक लीच ने बेन स्टोक्स के हाथों कैच करा भारत को दूसरा झटका दिया।

अक्षर पटेल को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है तो वहीं कुलदीप यादव की वापसी हुई है। जसप्रीत बुमराह को आराम देकर मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। मोइन अली की एक बेहतरीन गेंद पर कप्तान विराट कोहली बिना खाता खोले बोल्ड होकर वापस लौटे।

इस टेस्ट मैच से भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला है। वॉशिंग्टन सुंदर फिट नहीं हैं और उनकी जगह कुलदीप यादव प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। लंबे समय से उनको टीम में मौका नहीं दिए जाने सवाल उठ रहे थे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अहमदाबाद में खेले जाने वाले डे नाइट टेस्ट को ध्यान में रखते हुए आराम दिया गया है। मोहम्मद सिराज को उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button