दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में एक घंटे की हड़ताल, ठप हुईं सभी ओपीडी…
दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में बृहस्पतिवार सुबह डॉक्टरों और अन्य चिकित्सकीय कर्मचारियों ने एक साथ हड़ताल की घोषणा कर दी। सुबह नौ बजे दिल्ली सरकार के सभी सरकारी अस्पताल में एक साथ हड़ताल शुरू कर दी गई है, जो तकरीबन दस बजे तक चलेगी। इस दौरान मरीजों के लिए ओपीडी सेवा भी बंद की गई है।
हालांकि आपातकालीन सेवाओं और ऑपरेशन थियेटर को हड़ताल से दूर रखा गया है। इस दौरान हड़ताल कर रहे डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि अगर दिल्ली सरकार ने एक सप्ताह में उनकी मांग नहीं मानी तो 20 सितंबर को राजधानी के सभी अस्पतालों में डॉक्टर हड़ताल करेंगे।
इस हड़ताल में दिल्ली सरकार के साथ केन्द्र सरकार के अस्पताल भी शामिल होंगे। हड़ताल कर रहे डॉक्टरों के अनुसार बृहस्पतिवार को की जा रही एक घंटे की हड़ताल सरकार के लिए चेतावनी है।
हड़ताल कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि एक ही अस्पताल में एक ही पद पर एक जैसा काम करने के बावजूद उनकी तनख्वाह में काफी अंतर है। उनकी मांग है कि सरकार उनकी तनख्वाह के इस अंतर को खत्म करे।
हड़ताल कर रहे डॉक्टरों ने दिल्ली सरकार से अनुरोध किया है कि वह इस मुद्दे पर ध्यान दें और जल्द से जल्द इसका निस्तारण करने का प्रयास करें। डॉक्टरों के अनुसार ये दिल्ली सरकार का टेस्ट है कि उसे आम लोगों, डॉक्टरों और मरीजों की कितनी चिंता है।