गोपेश्वर, चमोली : जिला पंचायत अध्यक्ष से अब विधायक बनी मुन्नी देवी ने थराली उपचुनाव जीत को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार, भाजपा संगठन व कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाओं पर वह खरी उतरेंगी।
थराली की नव निर्वाचित विधायक मुन्नी देवी शाह ने कहा कि उनके पति स्व.मगन लाल शाह के सपनों को पूरा करने की भी यह जीत है। जिन विकास कार्यों की नींव स्व.मगन लाल ने रखी थी उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रथम चरण में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनता के बीच आकर विकास का भरोसा दिलाया था। थराली विधानसभा की जनता को विकास को लेकर भी उनसे उम्मीदें हैं। इस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। मुन्नी देवी शाह ने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से यह जीत संभव हो पाई है।