मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों के लिए किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद वाराणसी के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों के लिए किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा उनसे बातचीत की। उन्होंने राजघाट से एन0डी0आर0एफ0 के मोटर बोट से पुराना पुल तक भ्रमण कर गंगा नदी एवं वरुणा नदी के बढ़े हुए जल स्तर का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने सरैया स्थित आलिया गार्डेन में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र में रह रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से राहत कार्यों के बारे में जानकारी लेतेे हुए निर्देशित किया कि बाढ़ पीड़ितों की हर सम्भव मदद की जाए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री जी ने जे0पी0 मेहता इंटर कॉलेज राहत केंद्र पहुंचकर वहां पर रह रहे बाढ़ प्रभावितों से बातचीत कर उन्हें मिल रही राहत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री के पैकेट उपलब्ध कराए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के मवेशियों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने 20 मिनी पोर्टेबल एवं तीन बड़ी फॉगिंग मशीन कर्मियों के ग्रुप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री जी ने जनपद वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में बाढ़ की स्थिति, राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा मिर्जापुर, भदोही व चंदौली जनपद में बाढ़ की स्थिति एवं राहत कार्यों की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोरोना काल में कमांड कंट्रोल रूम का अच्छा उपयोग हुआ था, इसे बाढ़ राहत, सूचना के आदान-प्रदान में उपयोग कर सकते हैं। चारों जनपदों को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि हर बाढ़ प्रभावित गांव के लिए अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करें। राहत कार्य तत्काल उपलब्ध कराएं। बाढ़ क्षेत्रों में नावों की समुचित संख्या में व्यवस्था रखें। उत्तराखंड, राजस्थान, बुंदेलखंड क्षेत्र आदि में भारी वर्षा होती है, तो उसका प्रभाव गंगा नदी में आता है, जिससे वाराणसी पर असर पड़ता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सितंबर माह तक बाढ़ के खतरे से अलर्ट रहें। राहत सामग्री वितरण में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। जिन्हें जरूरत हो, उनके लिए एल0पी0जी0 सिलेंडर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि एस0डी0आर0एफ0 व पी0ए0सी0 बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में तैनात रहे। लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाए। पर्याप्त मात्रा में बाढ़ चौकियों की स्थापना की जाए। लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किए जाएं। विद्युत आपूर्ति के अभाव में पेट्रोमेक्स व जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बाढ़ राहत शिविरों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला आरक्षी तैनाती की जाएं। बाढ़ का पानी कम होने पर स्वच्छता व सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाढ़ प्रभावितों को हर हाल में समय पर राहत सुनिश्चित की जाए। खाद्यान्न की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए। बाढ़ पीड़ितांे को फूड पैकेट्स वितरित किए जाएं। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में लोगों को गर्म पानी के सेवन के लिए जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाढ़ से सांप, जहरीले कीड़े, कुत्तों की समस्या के दृष्टिगत एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था रहे। बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों से सहानुभूतिपूर्वक व संवेदनशीलता से पेश आयंे। कोई बाढ़ पीड़ित व्यक्ति राहत सामग्री से वंचित न रहे। जिला प्रशासन जनप्रतिनिधियों का सहयोग ले। मिर्जापुर जनपद में गांव की आबादी प्रभावित हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी मिर्जापुर को चुनार क्षेत्र में नाव की तत्काल व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के मद्देनजर सावधानी व सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। वाराणसी, मिर्जापुर व भदोही में सावधानी व सतर्कता बरती जाए।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वाराणसी में पुलिस द्वारा 42 नावें संचालित हैं। 25 सब इंस्पेक्टर 100 सिपाही वायरलेस सेट के साथ चौकसी व राउंड कर रहे हैं। बाढ़ से कुल 161 गांव व वॉर्ड प्रभावित हुए हैं, जिसमें 39,490 आबादी प्रभावित हुई है। 22 बाढ़ राहत केंद्र संचालित हैं, जिनमें 3,237 लोग रुके हैं। 111 नावें लोगों की सहायता में लगी हुई है। इसके अतिरिक्त एन0डी0आर0एफ0, पी0ए0सी, जल पुलिस की मोटर बोट लगी है। एन0डी0आर0एफ0, पी0ए0सी0, जल पुलिस बराबर निगरानी व रेस्क्यू कर रही है। अब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को 5,300 राशन किट वितरित की जा चुकी हैं।
कम्युनिटी किचन संचालित कर प्रतिदिन 3,950 लोगों को पका पकाया भोजन दिया जा रहा है। लोगों की चिकित्सा सुविधा हेतु प्रतिदिन 32 मेडिकल कैंप लगे हैं, जिसके द्वारा 1,260 लोगों को दवाइयां भी दी गई हैं। 660 लोगों को ओ0आर0एस0 के पैकेट दिए गए। 8,050 ग्लोबिन की टैबलेट वितरित की जा चुकी हैं। बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए प्रतिदिन 30 पशु चिकित्सा कैंप लगे हैं। जिसके द्वारा 4,640 पशुओं की चिकित्सा की जा चुकी है। 1,381 कुंतल चारा पशुआंे के लिए वितरित किया जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों/गांव में फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में फॉगिंग मशीन और क्रय कर इस कार्य को बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तर व प्रत्येक तहसील पर बाढ़ कंट्रोल रूम संचालित हैं। बाढ़ राहत केंद्रों पर दूध के 1,971 पैकेट 12 अगस्त की सुबह तक वितरित हुए। छोटे बच्चे, बुजुर्गों को केले का वितरण हुआ।
इस अवसर पर पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रविन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सेे जनपद वाराणसी भ्रमण के दौरान कांस्य पदक विजेताओलम्पियन हॉकी टीम के खिलाड़ी श्री ललित उपाध्याय ने भेंट की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज जनपद वाराणसी भ्रमण के दौरान कांस्य पदक विजेता ओलम्पियन हॉकी टीम के खिलाड़ी श्री ललित उपाध्याय ने सर्किट हाउस में भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने श्री उपाध्याय को स्मृतिचिन्ह और पुष्प भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और टोक्यो ओलम्पिक में प्रदर्शन के लिए उनकी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हॉकी टीम ने टोक्यो ओलम्पिक में परिश्रम और प्रतिभा से कांस्य पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हॉकी टीम तथा अन्य पदक विजेताओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, जिससे भविष्य में भारतीय खिलाड़ी अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सम्पन्न हुए ओलम्पिक में भारत को 01 स्वर्ण, 02 रजत और 04 कांस्य पदक प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ‘खेलो इण्डिया’ नीति के तहत देश में खेलों का प्रोत्साहन शुरू हुआ। इसके सार्थक परिणाम ओलम्पिक, एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ गेम सहित अनेक अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में देखने को मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में गतिमान प्रमुखपरियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद वाराणसी में गतिमान प्रमुख परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि काशी में लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ विकास के रिकॉर्ड कार्य हुए हैं, जो अनवरत जारी हैं। आज बनारस वैश्विक फलक पर है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं तय समय पर पूर्ण की जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने जल निगम को निर्देश देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर, 2021 के पूर्व शाही नाले के कार्य को पूर्ण किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कोरोना नियंत्रण कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। जनपद में औसतन 5,000 टेस्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग जारी रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधन की कमी नहीं है। मरीजों को एम्बुलेंस, बेड, स्ट्रेचर आदि स्वास्थ्य सुविधाएं समय से उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्कूलों के खुलने तथा पठन-पाठन से पूर्व, स्कूलों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, बी0ई0ओ0 स्वयं निरीक्षण करंे। उन्होंने नगर आयुक्त से नगर की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वी0डी0ए0 को कैम्प लगाकर नक्शा पास करने के मामले निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जल निगम, सी0 एण्ड डी0एस0 आदि निर्माण एजेंसी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाकर कार्य किया जाए। सीवर की उपयुक्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने पर बल देते हुए कहा कि पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए। अधिकारीगण मानक के अनुसार निर्माण कार्य सम्पन्न कराएं, मौके पर निर्माण कार्यों का स्वयं निरीक्षण करें तथा कार्य प्रगति की आख्या शासन व मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में 8817.27 करोड़ रुपए की 117 प्रमुख परियोजनाएं गतिमान हैं, जिसमें इसी वर्ष दिसम्बर तक 5219.45 करोड़ रुपए की 75 परियोजनाएं चरणबद्ध रूप से पूर्ण हो जाएंगी। इसी माह अगस्त में
102.73 करोड़ रुपए की 08 परियोजनाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। अगले माह सितम्बर में 2997.57 करोड़ रुपए की 19 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। माह अक्टूबर में 1013.42 करोड़ रुपए की 11 परियोजनाएं पूर्ण होंगी। नवम्बर माह में 536.83 करोड़ रुपए की 13 परियोजनाएं पूर्ण होंगी तथा 539.44 करोड़ रुपए की 20 परियोजनाएं दिसम्बर में पूर्ण हो जाएंगी।
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रविन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।