दिल्ली एनसीआर

मोबाइल लूटने के लिए फ्लाइट से मुंबई जाते थे ‘फुकरे’

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुंबई व ओडिशा समेत अन्य राज्यों में जाकर बड़े आयोजनों के दौरान मोबाइल फोन लूटने व झपटने वाले फुकरे गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि “फुकरे” फिल्म देखने के बाद गैंग ने यही अपना नाम रख लिया था। क्राइम ब्रांच ने गिरोह के सक्रिय सदस्य एक नाबालिग को भी दबोचा है। इस गिरोह के पीछे मुंबई व ओडिशा पुलिस भी कई महीने से लगी थी।

संयुक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच डॉ. एके सिंगला के मुताबिक गिरफ्तार किए सरगना का नाम नदीम (38) है। वह उत्तरी दिल्ली का रहने वाला है। इंस्पेक्टर पंकज अरोड़ा व एसआइ प्रभांशु की टीम ने इन्हें दबोचा। दोनों आरोपितों के खिलाफ मुंबई में मोबाइल लूटने व झपटने के 200 मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि इन दिनों गिरोह के अधिकांश सदस्य मुंबई में हैं। वे त्योहारों में फ्लाइट से मुंबई, ओडिशा व अन्य राज्यों में जाते हैं और भीड़ में ताबड़तोड़ वारदात करने के बाद फ्लाइट से वापस दिल्ली लौट आते हैं। जहां वारदात करने जाते हैं वहां अच्छे होटल में ठहरते हैं।

बीते दिनों मुंबई में गणपति महोत्सव में आरोपितों ने एक दिन में 188 मोबाइल लूटे व झपटे थे। मुंबई में अकेले काला चुकी थानाक्षेत्र में 180 मोबाइल झपटे गए थे। वहां के कई सीसीटीवी फुटेज में इनकी तस्वीरें मिली थीं, जिसके आधार पर मुंबई पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। आरोपित दिल्ली में थे इसलिए मुंबई पुलिस के हाथ निराशा हाथ लग रही थी। पुरी में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान 300 मोबाइल फोन लूटने व झपटने की बात कुबूल की है

गोपनीय सूचना के आधार पर 26 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने पहले राणा प्रताप बाग से नदीम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटे व झपटे गए 14 मोबाइल फोन बरामद किए। उससे पूछताछ के बाद नाबालिग को भी दबोच लिया गया। नदीम ने बताया कि दिल्ली से बाहर के राज्यों में उसके खिलाफ 400 केस दर्ज हैं। त्योहारों के समय मुंबई व ओडिशा में जाकर भीड़ में डांस में भी शामिल होकर मोबाइल फोन गायब कर देते थे।

Related Articles

Back to top button