LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद अमरोहा और जनपद हापुड़ का किया भ्रमण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद हापुड़ में 342 करोड़ रुपये की 173 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद हापुड़ में विकास की इन विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में लोगों के जीवन में खुशहाली व सम्पन्नता लाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
   मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद हापुड़ की इन विकास योजनाओं में सड़क, विद्यालय तथा हॉस्पिटल के निर्माण, जल-जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, विद्युत सब स्टेशन के निर्माण के साथ ही वेलनेस सेण्टर स्थापित करने जैसे विभिन्न कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान उत्तर प्रदेश नये भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां पर विकास और सुशासन की गंगा बह रही है। प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है। प्रदेश सरकार सभी के विकास व सभी क्षेत्रों के विकास के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के साथ प्रदेश सरकार ने विगत साढ़े चार वर्ष में गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, दलित, वंचित के लिए बिना भेदभाव के सभी के समग्र विकास व कल्याण के लिए लगातार कार्य किए हैं। उत्तर प्रदेश केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी स्थान पर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन साढ़े चार वर्षाें में प्रदेश की बहन-बेटियां अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को दंगामुक्त प्रदेश बनाने का लक्ष्य पूरा किया गया है। आज प्रदेश में अराजकता, भययुक्त वातावरण नहीं है। दंगा व अराजकता फैलाने तथा सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से नुकसान की भरपाई के सख्त निर्देश पहले ही दिये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था व सुशासन की नीति के कारण प्रदेश में 03 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा चुका है। प्रदेश सरकार ने निवेश को विकास व रोजगार से जोड़ने का कार्य किया है, जिससे प्रदेश के नौजवानों को रोजगार की प्राप्ति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में विकास को बढ़ाने, सुरक्षा का वातावरण बनाने व सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त करने में लगातार आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश एक नये मॉडल के रूप में खड़ा हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना की इस लड़ाई में जनपद वासियों ने शासन का भरपूर सहयोग किया है। इस लड़ाई में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपना अमूल्य योगदान प्रदान किया है। लेकिन कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति के जीवन व जीविका को बचाने का कार्य किया है। दुनिया में उत्तर प्रदेश के कोरोना प्रबन्धन एवं नियंत्रण मॉडल की सराहना की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आस्था हमारी सबसे बड़ी ताकत है। ईश्वर का सच्चा भक्त अनुशासन का पालन करते हुए व्यवस्था में सहयोग करता है। इसी आस्था का सम्मान करते हुए प्रदेश में सभी पर्व व त्योहार शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने सभी को सुरक्षा व शांतिपूर्ण माहौल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि हमारी व्यक्तिगत पहचान, व्यक्तिगत उपासना विधि व जातीय पहचान देश से बड़ी नहीं हो सकती। सभी के लिए राष्ट्रधर्म सर्वाेपरि होना चाहिए। राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, समर्पण व सम्मान का भाव नितान्त आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारे देश की पहचान वैश्विक स्तर पर लगातार विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी जाति, मजहब के नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज व राष्ट्र के होते हैं। उनके त्याग व बलिदान के प्रति पूरे समाज की जिम्मेदारी बनती है कि हम इनका सम्मान करें व उनके कार्याें से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि यह वर्ष देश की आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष है। इस महोत्सव के माध्यम से केन्द्र व प्रदेश सरकार देश की आजादी के अमर बलिदानियों को स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित कर रही हैं। आज हमें आत्मावलोकन की आवश्यकता है कि हमने अभी तक क्या किया है और कितनी तेजी से अपनी विकास यात्रा आगे बढ़ानी है, जिससे वैश्विक मंच पर देश की ताकत निरुपित की जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना से स्वतः स्वावलम्बन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस योजना द्वारा स्थानीय विशिष्ट उत्पाद संस्कृति को विकसित व स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना से लाभान्वित प्रत्येक व्यक्ति व स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जनपद हापुड़ के पिलखुआ क्षेत्र के कपड़ा उद्योग की चादर व तौलिया पूरे देश में विख्यात हैं। साथ ही, जनपद हापुड़ के पापड़ व जनपद मेरठ की रेवड़ी का स्वाद जगजाहिर है। पुराने उत्पादों को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ व प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से एक्सपोर्ट के हब के रूप में विकसित हो रहा है। आज 01 लाख 21 हजार करोड़ रुपये का निर्यात उत्तर प्रदेश कर रहा है।
इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी0के0 सिंह, प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री संदीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद अमरोहा में 433 करोड़ रुपए लागत की कुल 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में विधानसभा नौगावां सादात के गजस्थल में 06 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजकीय आई0टी0आई0, विधानसभा अमरोहा में 04 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत से निर्मित 5,000 मीट्रिक टन का गोदाम, विधानसभा हसनपुर में 03 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से निर्मित 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र नगला खादर तथा विधानसभा धनौरा में 03 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र जलालपुर कलां सहित कुल 13 परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी द्वारा शिलान्यास की गई परियोजनाओं में विधानसभा अमरोहा में 267.47 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस लाइन के आवासीय/अनावसीय भवन, विधानसभा हसनपुर में 45.32 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 132 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र चचौरा, विधानसभा हसनपुर में 23.92 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सोहतपुर, विधानसभा हसनपुर में 13.54 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अग्निशमन केन्द्र, विधानसभा अमरोहा में 14.43 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नवीन मण्डी स्थल में मैंगो एवं वेजीटेबल इण्टीग्रेटेड पैक हाउस सहित कुल 18 परियोजनाएं सम्मिलित हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज जनपद अमरोहा में एक साथ 433 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास सम्पन्न हुआ है। यह विकास परियोजनाएं जनपदवासियों के जीवन में सुधार व समृद्धि लाएंगी। इससे पूर्व, जनपद हापुड़, बिजनौर, सम्भल, नोएडा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि विकास ही आगे बढ़ने का माध्यम बनेगा। विकास से ही जनपद अमरोहा के लोगों के सुख एवं समृद्धि का मार्ग सुदृढ़ हो सकेगा। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य धरातल पर दिखायी दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद अमरोहा की विधानसभा धनौरा, हसनपुर व नौगावां सादात के जनप्रतिनिधिगण के परिश्रम के माध्यम से ही आज 433 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में गड्ढों व अंधेरे से उ0प्र0 के बॉर्डर की शुरुआत होती थी, लेकिन अब प्रदेश में भयमुक्त शासन, गड्ढामुक्त सड़क और विद्युत की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़कों का तेजी से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की भ्रष्टाचार एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई है। सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने वालों, गरीबों, कमजोरों को सताने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार महिला सम्मान, सुरक्षा व स्वावलम्बन के लिये प्रतिबद्ध है। राज्य में बहन-बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है। वे भयमुक्त होकर अपना जीवनयापन कर रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आत्मसम्मान के लिए मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना आदि योजनाएं संचालित जा रही हैं। प्रदेश में पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं को मौका दिया गया है। आज प्रदेश में 30,000 महिला पुलिसकर्मी बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं दे रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों को पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जा रही है, बिचौलियों से मुक्ति मिली है। प्रदेश सरकार ने कोरोना काल में जरूरतमन्दों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। प्रदेश सरकार लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को लाभान्वित करने का कार्य रही है। उन्होंने कहा कि जनपद अमरोहा नयी पहचान के रूप में उभर रहा है। अमरोहा में ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ के तहत विशिष्ट उत्पाद के रूप में चयनित ‘ढोलक’ की थाप प्रदेश में ही नहीं, विदेशों में भी लोगों को एक स्वर से जोड़ रही है। सभी ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य शासन की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे जनपद अमरोहा में सुख व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों के हितों व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने कोरोना महामारी के बावजूद प्रदेश की सभी चीनी मिलों को चालू रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक किसानों का साढ़े चार वर्ष में 01 लाख 43 हजार करोड़ रुपए का गन्ने का भुगतान किया गया है। गन्ना मूल्य को बढ़ाने के लिए उच्चाधिकारियों की कमेटी गठित की गई है। कमेटी के निर्णय के बाद गन्ना मूल्य की वृद्धि की जाएगी। प्रदेश सरकार किसानों के हित व कल्याण के लिए गम्भीरता से कार्य कर रही है। प्रदेश के किसान के चेहरे पर मुस्कान होगी, तो प्रदेश अवश्य ही खुशहाल होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 86 लाख किसानों के 36,000 करोड़ रुपए का फसली ऋण माफ किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में 6000 रुपए की धनराशि प्रतिवर्ष डी0बी0टी0 के माध्यम से अन्तरित की जा रही है। प्रदेश सरकार ने क्रय केन्द्र स्थापित कर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज क्रय का कार्य किया है। महिलाओं, गरीबों, मजदूरों, शोषित को बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने 15 करोड़ पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क राशन, 01 करोड़ 56 लाख को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, 02 करोड़ 61 लाख निःशुल्क शौचालय बनवाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों मे ग्राम सचिवालय की स्थापना कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम्प्यूटर सहायक की भर्ती कर, बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने, योजनाओं की फीडिंग का कार्य ग्राम स्तर पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। जनपद अमरोहा पर्यटन एवं विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मन्दिर का निर्माण किया जा रहा है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र पर कार्य करते हुए सभी को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। देश ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ बनने की तरफ अग्रसर है। आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर चलकर देश की आर्थिक ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि साढे़ चार वर्ष में साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरी दी गई है। आज जितनी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जा रहा है, उसका गुणवत्तापूर्ण समय से कार्य पूर्ण कराने का कार्य किया जाएगा। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ वांछित लोगों को मिला है। केन्द्र व प्रदेश सरकार गरीबों एवं असहाय लोगों के हितों के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कोविड-19/निर्वाचन के दौरान मृतकों के आश्रितों में श्रीमती मुकेश पत्नी स्व0 श्री सोरन सिंह तथा श्रीमती प्रीति सिंह पत्नी स्व0 श्री अरुण कुमार को मृतक आश्रित के रूप में अध्यापक के रूप मंे नियुक्ति पत्र एवं 30 लाख रुपए की अनुग्रह धनराशि प्रदान की गई। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह के रूप में जनपद अमरोहा का ओ0डी0ओ0पी0 उत्पाद ‘ढोलक’ देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button