देशमनोरंजन

माधुरी की पहली वेब सीरीज फाइंडिंग अनामिका का नाम बदला, 25 फरवरी होगी रिलीज

माधुरी दीक्षित पिछले काफी समय से अपनी पहली वेब सीरीज फाइंडिंग अनामिका को लेकर सुर्खियों में हैं। आए दिन इससे जुड़ी नई जानकारी सामने आ रही है। अब उनकी इस सीरीज का नाम बदल दिया गया है। साथ ही इसकी रिलीज डेट की घोषणा भी हो गई है। सोशल मीडिया पर फैंस सीरीज को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। माधुरी ने भी यह जानकारी अपने फैंस के साथ साझा की है।
सीरीज के नए नाम के साथ इसका नया पोस्टर शेयर करते हुए निर्माता करण जौहर ने लिखा, फेम और स्टारडम के पर्दे के पीछे एक सच्चाई हमेशा छिपी होती है। बॉलीवुड की बड़ी स्टार अनामिका आनंद की जिंदगी की क्या सच्चाई है? इसके बारे में जानें। द फेम गेम का प्रीमियर 25 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर होगा। सीरीज में माधुरी के अलावा संजय कपूर, मानव कौल, लक्षवीर सरन, सुहासिनी मुले और मुस्कान जाफरी भी अहम किरदार में नजर आएंगी।
माधुरी ने इंस्टाग्राम पर द फेम गेम का पोस्टर शेयर कर लिखा, अजनबी सी है उसकी दुनिया। अनकही सी है उसकी कहानी पर अब वह आ रही है अपनी कहानी लेकर दुनिया के सामने। 25 फरवरी को द फेम गेम सीरीज देखिए सिर्फ नेटफ्लिक्स पर। द फेम गेम में एक सुपरस्टार अनामिका की जिंदगी के कई किस्से दिखाए जाएंगे। श्री राव ने इस सीरीज की कहानी लिखी है। इसका निर्देशन बिजॉय नंबियार और करिश्मा कोहली ने किया है।
माधुरी से पहले सुष्मिता सेन ने वेब सीरीज आर्या से डिजिटल डेब्यू किया था। उन्होंने इसके लिए पुरस्कार भी जीते थे। आर्या 2 में भी सुष्मिता ने दमदार अभिनय किया। हालांकि, रवीना टंडन अपनी पहली वेब सीरीज अरण्यक में कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं।
पिछले कुछ समय से माधुरी ज्यादातर रियलिटी शोज में ही नजर आ रही थीं। आखिरी बार माधुरी डांस दीवाने की जज के रूप में दिखी थीं। यह पहली बार होगा, जब माधुरी किसी सीरीज में नजर आएंगी। द फेम गेम की पूरी कहानी माधुरी के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें माधुरी का रोल काफी दमदार होने वाला है। माधुरी के फैंस उन्हें स्क्रीन पर देखने के लिए उत्साहित हैं। उनकी पिछली रिलीज फिल्म कलंक थी, जो 2019 में रिलीज हुई थी।

Related Articles

Back to top button