उत्तर प्रदेशदेशप्रदेश

भाजपा से चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, सपा से अनिल प्रधान व वीर सिंह पटेल

 भाजपा व सपा में टिकट को लेकर लम्बे अरसे से चल रहे कयासों के दौर में विराम लग गया है। भाजपा ने चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र 236 से सूबे के लोनिवि राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय पर जहां विश्वास जताया है, वहीं सपा ने चित्रकूट विधानसभा से अनिल प्रधान व मानिकपुर विधानसभा से पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी घोषित किया है।
बुधवार को भाजपा ने चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय को कर्वी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित कर अन्य दावेदारों को किनारे कर दिया है। अन्य दावेदारों की नाराजगी का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड सकता है। इसी क्रम में सपा ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रधान को कर्वी विधानसभा से टिकट देकर राजनीति के माहिर पुराने दिग्गजों को किनारे कर दिया है। ऐसे में इस विधानसभा क्षेत्र में चंदहुल व बहरगइयां का खेल चलता दिखाई दे तो किसी को ताज्जुब नहीं होना चाहिए। मानिकपुर विधानसभा से पूर्व विधायक व दस्यु ददुआ के पुत्र वीर सिंह पटेल पर भरोसा जताकर जाहिर किया है कि चंदहुल व बहरगइयां का खेल नहीं चलने पायेगा। सपा नीति नियंताओं ने टिकट वितरण में भारी भूल की है, सपा ने जिले की दोनों सीटों पर पटेल बिरादरी के प्रत्याशियों को उतारकर ब्राम्हण मतदाताओं की नाराजगी मोल ले ली है। ऐसे में ब्राम्हण मतदाता जो भाजपा से सख्त नाराज हैं, वह सभी बसपा का दामन थाम लें तो कोई ताज्जुब नहीं करना चाहिए।
हालांकि सपा ने इस बार सपा के पुराने सिपाही वीर सिंह पटेल को कर्वी विधानसभा से हटाकर मानिकपुर विधानसभा से प्रत्याशी घोषित कर कर्वी विधानसभा के मतदाताओं की नाराजगी दूर की है। दोनों सीट पर पटेल बिरादरी के प्रत्याशी उतारकर लाइन में खडे कई दावेदारों को मायूस कर दिया है। मानिकपुर सीट पर अब भाजपा के प्रत्याशी की घोषणा का लोगों को इंतजार है।

Related Articles

Back to top button