देशमनोरंजन

विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म जन गण मन में दिखेंगी जान्हवी, इसी महीने होगी शूटिंग

अनन्या पांडे तो फिल्म लाइगर के साथ साउथ में कदम रख चुकी हैं और अब जान्हवी कपूर भी साउथ की ओर रुख करने के लिए तैयार हैं। काफी समय से खबरें आ रही हैं कि वह सुपरस्टार विजय देवरकोंडा के साथ साउथ में अपनी शुरुआत कर रही हैं। हालांकि, उनकी पहली दक्षिण भारतीय फिल्म को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। अब उनकी इस फिल्म का नाम भी सामने आ गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, जान्हवी और विजय अभिनीत इस सोशल पॉलिटिकल फिल्म का नाम जन गण मन होगा। इसी महीने फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। पुरी जगन्नाथ फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और करण जौहर इसके निर्माता हैं। अगस्त तक शूट पूरा हो जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया है और इसकी शूटिंग अमेरिका में होगी। जन गण मन की कहानी हत्याओं और दुष्कर्म जैसे अपराधों के इर्द-गिर्द घूमती है।
जान्हवी की दोस्त अनन्या ने भी साउथ में विजय देवरकोंडा के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। लाइगर के जरिए वह पहली बार किसी पैन इंडिया फिल्म से जुड़ी हैं। इसमें उनकी जोड़ी भी विजय देवरकोंडा के साथ बनी है। उनकी इस फिल्म के निर्देशन की कमान पुरी जगन्नाथ ही संभाल रहे हैं और फिल्म के निर्माता भी करण जौहर ही हैं। अब जान्हवी भी लाइगर की टीम के साथ साउथ में अपनी किस्मत आजमाने के लिए तैयार हैं।
विजय देवरकोंडा साउथ के सफल अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनकी फैन फॉलोइंग कोरोड़ों में है। वह पेली चुपूलु, अर्जुन रेड्डी, महानती, गीता गोविंदम और टैक्सी ड्राइवर जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। पेली चुपूलु को बेस्ट तेलुगु फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
जान्हवी ने 2018 में करण जौहर की फिल्म धड़क से बॉलीवुड में अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। हालांकि, इसे दर्शकों से कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जान्हवी को करण की एंथोलॉजी फिल्म घोस्ट स्टोरीज में देखा गया। फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल के प्रोडक्शन का काम भी करण ने ही संभाला था, लेकिन इस फिल्म से भी जान्हवी अपना जादू नहीं चला पाईं। पिछली बार उन्हें राजकुमार राव के साथ फिल्म रूही में देखा गया था।
जान्हवी इन दिनों हिट मलयालम फिल्म हेलेन के हिंदी रीमेक मिली को लेकर भी सुर्खियों में हैं। इसे उनके पिता बोनी कपूर प्रोड्यूस कर रहे हैं। हेलेन एक सफल मलयालम फिल्म है, जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। जान्हवी फिल्म गुड लक जैरी में भी नजर आएंगी। वह करण जौहर की फिल्म तख्त और दोस्ताना 2 में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। इसके अलावा फिल्म मिस्टर एंड मिसेज माही भी जान्हवी के खाते से जुड़ी है।

Related Articles

Back to top button