देशमनोरंजन

शादी होते ही करिश्मा और वरुण को मिला स्मार्ट जोड़ी का प्रस्ताव

करिश्मा तन्ना काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह अपने मंगेतर वरुण बंगेरा के साथ शादी के बंधन में बंधी हैं। अब करिश्मा के फैंस के लिए एक और खुशखबरी है। दरअसल, शादी होते ही करिश्मा और उनके पति को एक रियलिटी शो का प्रस्ताव मिला है। शो का नाम है स्मार्ट जोड़ी, जिसे दिलचस्प बनाने के लिए निर्माता कई हिट जोडिय़ों से संपर्क कर रहे हैं।
स्टार प्लस एक नया रिएलिटी शो स्मार्ट जोड़ी लेकर आ रहा है। निर्माताओं की नजरें इस समय कई नवविवाहित जोडिय़ों पर हैं। एक सूत्र ने बताया कि टीम ने वरुण बंगेरा और शो में उनकी भागीदारी के लिए करिश्मा तन्ना से संपर्क किया है। हालांकि, करिश्मा अपनी शादी में व्यस्त थीं। एक्ट्रेस ने तब कहा था कि वह शादी के बाद फैसला लेंगी। जल्द ही करिश्मा इस सिलसिले में निर्माताओं से मुलाकात करेंगी।
अभिनेत्री मौनी रॉय से भी इस शो के लिए संपर्क किया गया था। हालांकि, उन्होंने मना कर दिया, क्योंकि वह रेमो डिसूजा के साथ डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स को जज कर रही हैं। इसके अलावा उनके पति सूरज नांबियार भी अपने पेशे में काफी व्यस्त हैं। एक सूत्र ने बताया कि निर्माता शो के लिए बिग बॉस के चेहरों को लेने के इच्छुक नहीं हैं। वे टीवी की नई जोडिय़ों की तलाश कर रहे हैं।
इस शो के प्रोमो में राहुल महाजन और उनकी पत्नी नताल्या इलिना व नील भट्ट और उनकी पत्नी ऐश्वर्या भट्ट की जोड़ी दिख चुकी है। पूजा बनर्जी-कुणाल वर्मा, मोनालिसा-विक्रांत सिंह राजपूत, गौतम रोडे-पंखुरी अवस्थी और मोहम्मद नाजिम-शायना सेठ जैसे कई नाम शो के लिए सामने आए हैं। यह हिट कन्नड़ शो का हिंदी रूपांतरण है। रितेश देशमुख या आयुष्मान खुराना इस मजेदार शो को होस्ट कर सकते हैं। इसमें दर्शकों को 12-15 सेलेब्रिटी कपल देखने को मिलेंगे।
करिश्मा और वरुण 5 फरवरी को शादी के बंधन में बंधे हैं। करिश्मा ने अपनी शादी की तस्वीरें फैंस के साथ शेयर करने में देर नहीं लगाई। हल्दी से लेकर मेहंदी तक हर समारोह की तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। वरुण और करिश्मा की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों में दोस्ती हुई और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। पिछले साल 12 नवंबर को उन्होंने सगाई की थी।

Related Articles

Back to top button