मवेशी पकड़ने गए प्रवर्तन दल और नगर निगम कर्मचारियों पर हमला,पथराव

कानपुर । जूही परमपुरवा में मवेशी पकड़ने गए प्रवर्तन दल और नगर निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया गया। पथराव से हालात बिगड़ गए और प्रवर्तन दल के दो कर्मी व भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष और मंत्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा पदाधिकारी के घायल होने की सूचना पर थाने पहुंचे समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों हालात संभाले। प्रवर्तन दल के अधिकारी कर्नल आलोक नारायण ने बताया कि मंगलवार को दल कैटल कैचिंग दस्ते के साथ मवेशियों को पकड़ने परमपुरवा गया था। क्षेत्र के दीपू पासवान और उनके समर्थकों ने विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया। मारपीट व पथराव होने पर कर्मचारी भागे लेकिन हवलदार जितेंद्र सिंह का सिर फट गया और होमगार्ड अनिल यादव के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को सर्वोदय नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट पथराव के बीच भाजपा जूही मंडल उपाध्यक्ष आकाश ठाकुर और मंत्री दीपू पासवान भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पार्षद पुत्र पर मारपीट करने का आरोप
घायल भाजपा जूही मंडल के मंत्री का आरोप है कि प्रवर्तन दल और नगर निगम की टीम मवेशी पकड़ने पहुंची थी। कार बैक करने को लेकर कहासुनी हुई तो प्रवर्तन दल के साथ रहे पार्षद के पुत्र ने मारपीट शुरू कर दी थी। इसके बाद कर्मचारियों और प्रवर्तन दल ने उन्हें व उनके साथ मंडल उपाध्यक्ष व एक अन्य को बेरहमी से पीटा। एसीपी बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि,प्रवर्तन दल कैटल कैचिंग दस्ते के साथ परमपुरवा में मवेशी पकड़ने गए थे, जहां दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। दोनों पक्ष से दो-दो लोग घायल हैं। जो निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।