मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय साप्ताहिक ‘पांचजन्य’ द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री संवाद, मीडिया कॉनक्लेव तथा मीडिया पुरस्कार समारोह को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश देश की आत्मा भी है और हृदय स्थल भी है। साथ-साथ उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। उत्तर प्रदेश को यह गौरव प्राप्त है कि भगवान राम ने यहां जन्म लिया। भगवान श्रीकृष्ण ने यहां जन्म लिया और अपनी लीलाओं का प्रदर्शन भी किया। उत्तर प्रदेश ही वह राज्य है, जहां काशी विश्वनाथ की कृपा बरसती है। दुनिया की सबसे प्राचीन नगरी काशी उत्तर प्रदेश में ही है। यही नहीं, दुनिया की सबसे पवित्र, देवतुल्य नदी मां गंगा और यमुना का आशीर्वाद भी उत्तर प्रदेश को प्राप्त है। प्रयागराज में दोनों का मिलन भी होता है। दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन कुम्भ भी प्रयागराज में ही होता है। अनेक शक्तिपीठ उत्तर प्रदेश में हैं।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास से राष्ट्रीय साप्ताहिक ‘पांचजन्य’ द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री संवाद, मीडिया कॉनक्लेव तथा मीडिया पुरस्कार समारोह को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित कर रहे थे। ‘पांचजन्य’ को उसकी सफल यात्रा के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जब देश अपनी आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने व उसके भव्यतापूर्वक आयोजन की तैयारी कर रहा है, उस समय ‘पांचजन्य’ अपने अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह क्षण प्रत्येक व्यक्ति, संस्था के सामने आने वाला दुलर्भ क्षण होता है। जिन मनीषियों, राष्ट्र ऋषियों का आशीर्वाद व मार्गदर्शन ‘पांचजन्य’ जैसे राष्ट्रीय साप्ताहिक को प्राप्त हुआ है, उनमें श्रद्धेय भाउराव देवरस जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘पांचजन्य’ से उनका परिचय बहुत पुराना है। विद्यार्थी परिषद के अपने कार्यकाल के दौरान ही इस पत्रिका को पढ़ने, राम जन्मभूमि आन्दोलन में इसमें जो आलेख प्रकाशित होते थे, उसे वितरित कराने, अधिक से अधिक लोगों को उपलब्ध कराने का कार्य हम लोग करते थे। विपरीत परिस्थितियों में कैसा कार्य करना है, यह उदाहरण ‘पांचजन्य’ ने हम सबके सामने प्रस्तुत किया है। यह मीडिया जगत की आंखों को खोलने वाला है। वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव के दौरान ‘पांचजन्य’ ने अपना विशेषांक निकालकर कहा था कि सरकार फिर से बहुमत के साथ आएगी। एक विश्वास के साथ ‘पांचजन्य’ ने इस अभियान के साथ जुड़कर यह साबित किया कि उसके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। वह उन सभी मुद्दों को उठाएगा, जो देश हित में होगा, देश के 135 करोड़ लोगों के हित में होगा।