मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के प्रथम 100 दिवस के कार्यों की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से इस वर्ष मार्च माह में राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हुई थी। सरकार के गठन के उपरांत सभी विभागों के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रथम 100 दिन, 06 माह, 01 वर्ष, 02 वर्ष और 05 वर्ष की कार्य योजना तय की गई थी। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने सभी विभागों को निर्देश दिये कि प्रथम 100 दिनों का लक्ष्य प्रत्येक दशा में 30 जून, 2022 तक पूर्ण करा लिया जाए। मुख्य सचिव स्तर से विभागीय समीक्षा कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर राज्य सरकार के प्रथम 100 दिवस के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी 05 जुलाई को वर्तमान राज्य सरकार अपने दूसरे कार्यकाल के प्रथम 100 दिन पूरे कर रही है। इस विशेष अवसर पर 04 जुलाई, 2022 को राज्य स्तर पर प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सभी मंत्रीगण/जनप्रतिनिधिगण जनता के बीच जाएं तथा प्रदेश सरकार द्वारा लिए गये संकल्पों के क्रम में अब तक हुई कार्यवाही की प्रगति से जनता को अवगत कराएं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम 100 दिवस पूर्ण होने के अवसर पर विभागीय मंत्रियों द्वारा अपनी उपलब्धियों का विवरण जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। जनता को सरकार के कार्याें की 100 दिन की प्रगति रिपोर्ट के साथ-साथ आगामी 06 माह के लक्ष्य के बारे में भी जानकारी दी जाए। सभी मण्डलों के प्रभारी मंत्रीगण अपने प्रभार के मण्डलों में जनता के बीच जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रामपुर और आजमगढ़ के लोकसभा उपचुनाव में स्थानीय जनता ने प्रधानमंत्री जी की नीतियों में अभूतपूर्व विश्वास व्यक्त किया है। हमें इस विश्वास और उनके भरोसे पर खरा उतरना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग इन दोनों जनपदों से सम्बन्धित विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर लें, कोई भी प्रस्ताव लम्बित न रहे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी इन क्षेत्रों में संचालित/लम्बित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ का हरिहरपुर संगीत साधकों की पुरातन स्थली है। संगीत जगत के प्रतिष्ठित विभूतियों से परामर्श कर उनकी मंशानुरूप कला-संगीत साधकों के हित में आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए। बिलासपुर (रामपुर) चीनी मिल का सुदृढ़ीकरण का कार्य यथाशीघ्र किया जाए।