राष्ट्रपति चुनाव की भेंट चढ़ेंगे 3 गठबंधन! महाराष्ट्र से झारखंड तक संकट के आसार, कांग्रेस को नुकसान ज्यादा
![](https://www.abpbharat.com/wp-content/uploads/2022/07/download-43.jpg)
राष्ट्रपति चुनाव में कुछ ही दिन बाकी हैं और नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को दलों से जोरदार समर्थन मिल रहा है। हाल ही में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी मुर्मू का साथ देने का ऐलान किया है। अब मौजूदा सियासी हाल में राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर विपक्ष बनाम NDA की जंग में कई गठबंधनों पर चोट लगने के आसार नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र से लेकर झारखंड तक कई प्रमुख दलों की राय अपने सहयोगियों से जुदा है। खास बात है कि अगर समर्थन को लेकर गठबंधनों में दरार पड़ती है, तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है।
झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की गठबंधन की सरकार है। इसकी अगुवाई जेएमएम कर रही है। खास बात है कि 81 सीटों के झारखंड में 18 सीटें हासिल करने वाली कांग्रेस के 30 सीटों वाली जेएमएम के साथ तनाव की खबरें आती रही हैं। इसकी शुरुआत राज्यसभा चुनाव से कही जा सकती है, जहां कथित तौर पर पार्टी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की संयुक्त उम्मीदवार को उतारने के अनुरोध को अनदेखा कर दिया था। पार्टी ने महुआ मांझी को अपना उम्मीदवार बनाया था।
अब राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन को लेकर भी दोनों पार्टियों के बीच खाई बढ़ सकती है। एक और विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के समर्थन में कांग्रेस है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब मुर्मू के साथ आ गए हैं। सीएम के पिता शिबू सोरेने ने पत्र में लिखा, ‘आप सभी जानते हैं कि झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार हैं, जो एक आदिवासी महिला भी हैं। आजादी के बाद पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति चुने जाने का सम्मान मिला है। विचार के बाद पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट देने का फैसला किया है।’