खेल
गोल्डन ब्वॉय का ‘गोल्डन’ दिल: जिसने छीना सोना, उसी की तारीफ में नीरज ने कही यह बड़ी बात

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19 साल बाद देश को पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा ने कहा है कि उनके लिए यह प्रतियोगिता आसान नहीं थी। उन्होंने आज के दिन काफी कुछ सीखा और रजत पदक जीतकर बेहद खुश हैं। वो नतीजों से बेहद खुश हैं। नीरज इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष हैं। उनसे पहले सिर्फ भारत की अंजू बॉबी जॉर्ज ने ही पदक जीता है। अब नीरज सभी वैश्विक प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।
नीरज ने कहा “आज हालात थोड़े ठीक नहीं थे, काफी हवा थी लेकिन उम्मीद थी कि थ्रो लगेगा। मैंने आज मेडल जीता है तो अच्छा लग रहा है और अब अगले साल फिर इससे अच्छा करने की कोशिश करेंगे। देखने में यह भले ही आसान लगे, लेकिन एंडरसन ने निश्चित रूप से 90 मीटर की दूरी तय करने के लिए बहुत जोर लगाया होगा। इस साल वो दुनिया में सबसे आगे हैं। बहुत अच्छे थ्रो कर रहे हैं। उनके कई थ्रो 90 मीटर से ज्यादा रहे हैं। मैं उनके लिए खुश हूं कि उन्होंने काफी मेहनत की है। यह मेरे लिए भी अच्छा है। मेरे सामने अच्छी चुनौती है।”
नीरज ने आगे कहा कि ओलंपिक चैंपियन होने के कारण वो खुद पर दबाव नहीं महसूस करते हैं। उन्होंने तीसरे थ्रो के बाद भी खुद पर यकीन किया। उन्होंने वापसी की और रजत पदक जीता। यह वाकई में सुखद है। अगली बार वो पदक का रंग बदलने की कोशिश करेंगे। इसके साथ ही नीरज ने कहा है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।