उत्तर प्रदेश

BJP ने निकाली SP-BSP गठबंधन की काट, अपनाएगी ये रणनीति

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तय किया है कि वह गठबंधन (SP-BSP Alliance) के पीछे छिपे सपा-बसपा के निजी हितों का जनता के बीच खुलासा करेगी। इसके लिए पार्टी अपनी बूथ कमेटियों का भी सहारा लेगी। बूथ कमेटियों में पार्टी के 29 लाख कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन के दौरान इस संबंध में व्यापक रणनीति तय की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व डॉ. दिनेश शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रभारी गोवर्धन झड़पिया तथा उनके दोनों सहयोगी दुष्यंत गौतम व नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे।

इस दौरान प्रदेश की ताजा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए बूथ प्रबंधन एवं भावी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। पार्टी ने सभी छह क्षेत्रों में बूथ स्तर पर मजबूती पर जोर देते हुए युवा संसद के साथ ही प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन करने का निर्णय लिया।

कोर कमेटी ने तय किया कि बूथों के प्रभारी की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष तक को दी जाए। इसके अलावा सभी मंत्रियों को भी यह दायित्व दिया जाए। बैठक में संगठन की ओर से बताया गया कि प्रदेश में 1.62 लाख बूथ हैं, जिसमें से 1.40 बूथों की कमेटी गठित हो चुकी है। बूथ कमेटियों से 29 लाख कार्यकर्ता सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। यही बूथ कमेटी पार्टी की योजनाओं और कार्यक्रमों को अमली जामा पहनाएगी।

Related Articles

Back to top button