सीएए के समर्थन में निकाली गई जुलूस पर पथराव के बाद बढ़ी सुरक्षा

झारखंड के लोहरदगा में सीएए के समर्थन में निकाली गई जुलूस पर पथराव और भारी हिंसा के बाद शुक्रवार को बड़ी तादाद में पुलिस बलों को तैनात किया गया है। यहां हर चौक-चौराहे पर सुरक्षा बल के जवान मुस्तैद दिख रहे हैं। रैपिड एक्शन फोर्स की भी तैनाती की गई है।
संगीनों की निगहबानी में लोहरदगा में कर्फ्यू के रास्ते शांति व्यवस्था कायम करने की कोशिश की जा रही है।लोहरदगा में तिरंगा यात्रा के दौरान पथराव, आगजनी की घटना के बाद गुरुवार को कर्फ्यू लगा दिया गया, जो की आज भी जारी है। संगीनों की निगहबानी में लोहरदगा सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण की ओर बढ़ रहा है। कर्फ्यू के कारण सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
लोगों को घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। लोहरदगा में हिंसा-बवाल के बाद सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को यात्री रेलगाड़ी का परिचालन बंद रहा।
वहीं यात्री वाहनों के परिचालन बंद रहने से बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा रहा। जरूरतमंद लोग भी अपने गंतव्य तक नहीं जा सके।कर्फ्यू के रास्ते शांति व्यवस्था कायम करने की कोशिश की जा रही है। हिंसा-बवाल के बाद लोहरदगा में उत्पन्न स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
इसे लेकर दो आईजी, रांची रेंज डीआईजी, 6 एसपी और 12 डीएसपी के साथ प्रमंडलीय आयुक्त एवं लोहरदगा के डीसी-एसपी लगे हुए हैं। इसके अलावा अर्द्धसैनिक बल के 15 कंपनियां जिसमें 2000 से ज्यादा शस्त्र पुलिस बल के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। बावजूद कई स्थानों पर झड़प की सूचना पर पुलिस परेशान रही।