रोहिणी विधानसभा सीट: विजेंद्र गुप्ता पर लटकी हार की तलवार, ‘आप’ के राजेश को जबरदस्त बढ़त
राजेश नामा, भाजपा के विजेंद्र गुप्ता से 1739 वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि विजेंद्र गुप्ता पर हार की तलवार लटक रही है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी कई सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। रोहिणी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता को पछाड़कर ‘आप’ के राजेश नामा बढ़त बनाए हुए हैं। राजेश नामा, भाजपा के विजेंद्र गुप्ता से 1739 वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि विजेंद्र गुप्ता पर हार की तलवार लटक रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, वोटों की गिनती जारी है और राजेश नामा को 9821 वोट मिले हैं जबकि विजेंद्र गुप्ता को अभी तक 8082 वोट मिले हैं। फिलहाल अभी इस सीट पर मतगणना जारी है।
रोहिणी विधानसभा सीट पर सुबह आठ बजे जैसे ही वोटों की गिनती शुरू हुई भाजपा के विजेंद्र गुप्ता बढ़त बनाए हुए थे। विजेंद्र गुप्ता इस सीट पर आम आदमी पार्टी के राजेश नामा से आगे चल रहे थे लेकिन जैसे ही साढ़े दस बजे और स्पष्ट रुझान आने लगे विजेंद्र गुप्ता आम आदमी पार्टी के राजेश नामा से पिछड़ने लगे। जबकि, इस सीट पर कांग्रेस के सुमेश गुप्ता काफी पिछड़ गए हैं। सुमेश गुप्ता को अभी तक सिर्फ 302 वोट मिले हैं। राजेश नामा बंसीवाला, इस सीट पर विजेंद्र गुप्ता और सुमेश गुप्ता दोनों से आगे चल रहे हैं।
रोहिणी विधानसभा सीट उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आती है। आठ फरवरी को हुए चुनाव में इस सीट पर 63.02 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। साल 2015 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी से विजेंद्र गुप्ता जीते थे। जबकि इस बार उनकी यह सीट खतरे में दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि साल 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 सीटों में 67 सीटें जीतीं थी। भारतीय जनता पार्टी के खाते में सिर्फ तीन सीटें आई थी। वहीं, कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। इस बार भी कांग्रेस की परफोर्मेंस बेहद खराब दिखाई दे रही है और दिल्ली के लगभग हर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बहुत पिछड़ गए हैं। बल्लीमरान और सीलमपुर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं जबकि ओखला में भाजपा के ब्रह्म सिंह बढ़त बनाए हुए हैं।