दिल्ली एनसीआर

राजधानी में कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार जारी, मरीजों के लिए अस्पतालों में 81 फीसद खाली पड़े आरक्षित बेड

राजधानी में कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार जारी है। इस क्रम में स्वस्थ होने की दर अब 89 फीसद तक पहुंच गई है। वहीं, संक्रमण की दर भी छह फीसद से नीचे बनी हुई है। राजधानी में अब करीब 8 फीसद सक्रिय मरीज रह गए हैं। पिछले 24 घंटे में यहां संक्रमण के 1,035 नए मामले सामने आए हैं। अब राजधानी में कुल 10,770 सक्रिय मरीज हैं। पिछले एक दिन में 26 लोगों की मौत हुई है। इस तरह से अब तक यह महामारी 3,907 लोगों की जान ले चुका है।

स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में अब तक कुल 1,33,310 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 1,18,633 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 1,126 मरीजों ने संक्रमण को मात दे दी है। सक्रिय मरीजों में आधे से अधिक करीब 5,894 घर में क्वारंटाइन रहकर इस बीमारी को मात दे रहे हैं। पिछले एक दिन में 17,392 लोगों की जांच हुई है। अब तक कुल 9,94,219 लोगों की जांच हो चुकी है। पिछले 14 घंटे में 11 क्षेत्रों को कंटनेमेंट जोन की सूची से हटा दिया गया है। अब 704 कंटेनमेंट जोन बचे हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कंटेनमेंट जोन, अस्पतालों में बेड की क्षमता, होटल और बैंक्वेट हॉल की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट की भी समीक्षा की। वहीं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पतालों में कोरोना से होने वाली मौतों की स्थिति की समीक्षा की।

अस्पतालों में 81 फीसद बेड खाली

कोरोना के मरीजों के लिए दिल्ली के अस्पतालों में आरक्षित बेड में 81 फीसद अभी खाली पड़े हैं। मात्र 18.91 फीसद भरे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सक्रिय मरीजों में से 3,028 अस्पतालों में भर्ती हैं। इन अस्पतालों में कुल 16,008 बेड कोरोना के मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। इनमें 12,980 बेड खाली हैं। वहीं कोविड केयर सेंटर में भी 10,018 बेड हैं। इनमें 647 बेड पर मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा कुछ मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में भी भर्ती हैं। दूसरे देशों से आए करीब 4,345 लोग कोविड केयर सेंटर में ही क्वारंटाइन किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button