Main Slideविदेश

अमेरिका और ब्राजील के बाद अब मौतों के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंचा मैक्सिको

दुनिया में कोरोनावायरस से संक्रमण के अब तक 1 करोड़ 77 लाख 54 हजार 190 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 11 लाख 58 हजार 280 ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, 6 लाख 82 हजार 885 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। मैक्सिको में शुक्रवार को 8458 मौतें हुई। इसके साथ ही यहां मरने वालों का आंकड़ा 46 हजार 688 हो गया। इसने मौतों के मामले में अब ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। अमेरिका और ब्राजील के बाद मैक्सिको मौतों के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।

जापान ने ओकीनावा आइलैंड पर इमरजेंसी लगाने का ऐलान किया है। यहां पर लोगों को हफ्ते तक घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है। यहां शुक्रवार को 71 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या 395 हो गई। नए मामलों में 248 केस यहां अमेरिकी नेवी बेस के सैनिकों में मिले हैं।

10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 47,05,889 1,56,747 23,27,572
ब्राजील 26,66,298 92,568 18,84,051
भारत 16,97,054 36,551 10,95,647
रूस 8,39,981 13,963 6,38,410
द.अफ्रीका 4,93,183 8,005 3,26,171
मैक्सिको 4,24,637 46,688 2,78,618
पेरू 4,07,492 19,021 2,83,915
चिली 3,55,667 9,457 3,28,327
स्पेन 3,35,602 28,443 उपलब्ध नहीं
ईरान 3,04,204 16,766 2,63,519

अमेरिका: कैलिफोर्निया में एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें

अमेरिका के कैलिफोर्निया में शुक्रवार को 288 लोगों की मौतें हुई हैं। यह यहां एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतें हैं। इसके साथ ही बीते 24 घंटे में 7 हजार 600 नए मामले भी सामने आए हैं। अब इस स्टेट में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार से ज्यादा और मौतों का आंकड़ा 9 हजार के पार हो गया है। यह अमेरिका का तीसरा सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य है। संक्रमण के मामले पर न्यूयॉर्क पहले और फ्लोरिडा दूसरे नंबर पर है। देश भर में शुक्रवार को 1,453 लोगों की जान गई।

ब्रिटेन: पाबंदियों में दो हफ्ते तक राहत नहीं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को कहा कि देश में फिलहाल पाबंदियों में राहत नहीं दी जाएगी। यहां शनिवार से पाबंदियों में कुछ छूट दिया जानी थी। उन्होंने कहा कि महामारी से बचाव के नियम दो हफ्तों तक बरकरार रहेंगे। ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में नए मामले सामने आने के बाद यह फैसला किया गया है। हमारे संक्रमण और मौतों के मामले कम हुए हैं। हालांकि, कुछ यूरोपीय देशों में इसके आंकड़े बढ़ रहे हैं। ऐसे में हमें भी किसी भी खतरे से बचने के लिए तैयार रहना होगा।

पेरू: 31 अगस्त तक इमरजेंसी बढ़ाई गई

पेरू की सरकार ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इमरजेंसी 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने शुक्रवार को इससे जुड़ा आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि इमरजेंसी के दौरान लोगों की निजी आजादी और सुरक्षा के संवैधानिक हकों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक देश में कर्फ्यू रहेगा।

ब्राजील: 52 हजार से ज्यादा नए मामले

ब्राजील में 24 घंटे में 52 हजार 383 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26 लाख 62 हजार 485 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय शुक्रवार को बताया कि देश में मृतकों की संख्या 92 हजार 475 हो गई है। अब तक 18 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके है। ब्राजील संक्रमण और मौत के मामलों में दुनिया में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है।

दक्षिण कोरिया: क्रिश्चियन लीडर गिरफ्तार

दक्षिण कोरिया में शनिवार को शिंचेओंजी चर्च के प्रमुख और क्रिश्चियन लीडर ली मैन-ही को गिरफ्तार कर लिया गया। ली पर पर देश में संक्रमण रोकने की सरकार की कोशिशों में बाधा पहुंचाने का आरोप है। शनिवार को एक स्थानीय अदालत ने उसकी गिरफ्तारी को मंजूरी दे दी। इस साल फरवरी में उसके चर्च से जुड़ 4 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले थे। ली ने सरकार को अपने चर्च में आए लोगों की संख्या के बारे में सही जानकारी नहीं दी थी। हालांकि, मार्च में उसने अपनी गलती के लिए माफी मांग ली थी।

अर्जेंटीना: लॉकडाउन 16 अगस्त तक बढ़ाया गया
अर्जेंटीना सरकार ने 16 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राजधानी ब्यूनस आयर्स में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। अन्य जगहों पर भी संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में फिलहाल लॉकडाउन में राहत नहीं दी जा सकती। देश में 20 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था।

चीन: कोरोना के 45 नए मामले
चीन में 24 घंटे में 45 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 39 लोकल ट्रांसमिशन के मामले हैं। यहां के हेल्थ कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मामले शिनजियांग से और 8 लियाओनिंग राज्य में सामने आए हैं। शुक्रवार को यहां संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई। एक दिन पहले यहां 127 नए मामले आए हैं। इनमें से 112 शिनजियांग से सामने आए थे।

Related Articles

Back to top button