उत्तर प्रदेशप्रदेश

गोरखपुर में छेड़खानी से परेशान होकर युवती ने किया सुसाइड, चार के खिलाफ FIR दर्ज

गोरखपुर मे गगहा थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी से तंग होकर एक युवती ने आत्‍महत्‍या कर ली। पीडि़ता की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस उन्‍हें हिरासत में लेकर पूछताछ में भी जुटी है।

पीडि़ता की मां ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को गांव का एक युवक गलत नीयत को लेकर डराता धमकाता था। उन्‍होंने यह भी आरोप लगाया है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से उसके परिजन भी इसमें उसका सहयोग कर रहे थे। उनका उद्देश्‍य था कि चारो पुत्रियों से उसके चारों पुत्रों की शादी हो जाएगी तो उनकी सारी संपत्ति उन्‍हें मिल जाएगी। इसे लेकर वह घटना के दिन उनके घर भी आ पहुंचे और उसे डराने धमकाने लगे।

पीडि़ता की मां ने कहा कि रोजाना की समस्‍या से तंग आकर उनकी पुत्री ने बीते 22 सितंबर को फांसी लगा लिया। परिजन ने किसी तरह उसे बचाया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज लेकर गए थे। वहां कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद रविवार रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विक्की पुत्र तूफानी, विनय पुत्र तूफानी, राजमती पत्नी तूफानी, अनीता पत्नी विनय के विरुद्ध धारा 354, 504, 506, 309, 509, 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

देते ध्‍यान तो बच सकती थी जान

घटना को लेकर परिजनों ने शाम को थाने पर प्रार्थना पत्र दिया है। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वह आरोपित तीन वर्षों से उनकी पुत्री को परेशान कर रहे थे। ऐसे में समय से थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया होता। आरोपितों पर कार्रवाई होती तो संभव है कि युवती की जान न गई होती, पर इसे भी दुर्भाग्‍य ही कहा जाएगा कि युवती की मां ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने पीडि़ता की मौत के बाद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।

मामले की जांच की जा रही थी। यहां कुछ और भी मामला संज्ञान में आ रहा था। आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्‍हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। – राज प्रकाश सिंह, प्रभारी निरीक्षक गगहा।

किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित पर मुकदमा दर्ज

सहजनवा क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को घर से जबरन खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपित के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। बता दें कि शनिवार की रात में भोजन के बाद किशोरी अपने दादा के पास बरामदे में सोई थी। आधी रात में एक युवक बरामदे में पहुंचा। किशोरी का मुंह बांधकर खेत में उठा ले गया था और दुष्कर्म के बाद फरार हो गया था। रविवार को पीड़िता की मां ने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। थानाध्यक्ष देवेंद्र लाल ने बताया कि फरार आरोपित सनी के खिलाफ दुष्कर्म व पास्को एक्ट में केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपित की गिरफ्तारी हो जाएगी ।

युवती से छेड़खानी

झंगहा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी किशोरी को उसी गांव के एक युवक द्वारा छेड़खानी करते हुए जबरन संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया गया है। किशोरी नित्य कर्म के लिए घर से बाहर गयी थी। संबंध नहीं बनाने पर युवक ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दिया है। किशोरी की मां ने युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए झंगहा पुलिस को तहरीर दिया है।

किशोरी से छेड़खानी, दुष्कर्म का प्रयास

झंगहा क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ एक युवक ने छेड़खानी की और धमकी देकर दुष्कर्म का प्रयास किया। स्वजन ने बताया कि सुबह किशोरी शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी कि रास्ते में गांव के एक युवक ने छेड़खानी की तथा जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर युवक फरार हो गया। पीड़ित बेटी के साथ थाने पर पहुंची मां ने आरोपित युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। उप निरीक्षक शिव कैलाश ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button