विजयवाड़ा में युवक की गोली मारकर हत्या:-

विजयवाड़ा के सीमांत क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान महेश के रूप में की गई है। महेश विजयवाड़ा के पुलिस आयुक्त कार्यालय में अटेंडर के रूप में कार्यरत था। यह घटना शहर के सीमांत क्षेत्र बाईपास रोड स्थित बार के पास हुई है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से ही महेश की हत्या की है।
पुलिस आयुक्त बत्तिना श्रीनिवासुलू ने आधी रात को घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की विशेष टीम गोली चलाने वालों की तलाश कर रही है। पुलिस को संदेह है कि रियल एस्टेट विवाद के कारण महेश की हत्या कर दी गई होगी। पुलिस ने यह भी बताया कि स्कूटी पर आए अज्ञात लोगों ने महेश पर गोलियां चलाई है। गोली चलते समय महेश के साथ जो दो युवक थे, घटना के बाद भाग गये|
इसी क्रम में महेश की मां विमला और बहन सुनीता ने कहा कि महेश का कोई रियल एस्टेट कारोबार नहीं है। महेश की हत्या करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये। साथ ही कहा कि महेश का किसी से भी दुश्मनी या मतहभेद भी नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।