उत्तर प्रदेश

किशाेरी के खुदकशी करने पर मां ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

कर्वी कोतवाली अंतर्गत मंगलवार को किशाेरी के खुदकशी करने पर मां ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सामूहिक दुष्कर्म से आहत किशोरी की आत्महत्या करने की घटना के बाद सनसनी फैल गई। घटना संज्ञान में आने के साथ ही पुलिस ने टीम बनाकर जांच शुरू कर दिया है।

कर्वी कोतवाली क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर आई पुलिस को पीड़ित मां ने रो रोकर दास्तां बताई। मां ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि आठ अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के तीन युवक घर के बाहर से बेटी को बाइक से अगवा कर ले गए थे। करीब पांच सौ मीटर दूरी पर जंगल में ले जाने के बाद युवकों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया और हाथ-पैर बांध कर फेंक गए थे।

बेटी से जानकारी के बाद लोकलाज के चलते शिकायत नहीं की थी। घटना के बाद से बेटी बेहद गुमसुम और आहत थी। मंगलवार की सुबह सामूहिक दुष्कर्म से आहत बेटी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पीड़ित मां ने थाने में तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। घटना संज्ञान में आने के बाद पुलिस अफसरों ने जांच शुरू कराई और आरोपितों की तलाश में टीमें लगा दी हैं।

Related Articles

Back to top button