MCD चुनाव: दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारी में अभी से जुटी बीजेपी

दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और सह प्रभारी व राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर बृहस्पतिवार शाम पार्टी कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने सबके साथ मिलकर संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर भाजपा में ही संभव है, इसके लिए पहली शर्त है निष्पक्षता और मिलनसार स्वभाव।
उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी बढ़ेगी तो हम भी बढ़ेंगे, क्योंकि पार्टी हमारे लिए एक परिवार है। पार्टी से जुड़े सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नेताओं के लिए देश सर्वोपरि है। एक सच्चा कार्यकर्ता वही है जो दूसरों के दुख दर्द को समझकर उसे हल करने के लिए काम करता है। भाजपा कार्यकर्ता कोरोना संकट में गरीबों और जरूरतमंदों के दुख को समझकर उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि टीम वर्क से संगठन को मजबूती मिलती है।
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि हमें 22 वर्षों का वनवास खत्म करके दिल्ली की सत्ता में भाजपा की सरकार बनाने के लिए काम करना है। इसी के साथ वर्ष 2022 में आने वाले दिल्ली निगम चुनाव की भी तैयारियां शुरू करनी है। पूर्व मंडल अध्यक्षों के अनुभव का भी लाभ लेना है। हम सभी पर नकारात्मकता और गुटबाजी को खत्म करके संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। महिलाओं और युवाओं को जोड़ने से संगठन को बल मिलेगा। प्रदेश के सभी नेताओं ने नए प्रभारी व सह प्रभारी का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी, सांसद मीनाक्षी लेखी, व प्रवेश साहिब सिंह, विधायक विजेंद्र गुप्ता सहित अन्य नेता मौजूद थे।