प्रदेशबिहार

पटना के जानीपुर में सड़क दुर्घटना में एक युवक की हुई मौत, दो की हालत गंभीर

जानीपुर के सरैया गांव के नजदीक शनिवार की सुबह एक बाइक पर सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण नियंत्रण खोकर गिरे एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दो हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान आकोपुर निवासी सज्जन कुमार का पुत्र विक्की चौधरी 20 के रूप में हुई है। घायल मौसेरा भाई विकास कुमार और अशोक कुमार हैं। सूचना मिलने पर पहुंची जानीपुर थाने की पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से बाइक चलाने में टायर फिसलने के कारण हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है।

एक बाइक पर तीन लोगों को बैठ चला रहा था गाड़ी

विक्की के छोटे भाई बिट्टू ने बताया कि घर में छठ हो रहा था। इसको लेकर मौसेरे भाई विकास कुमार और अशोक कुमार घर आए थे। छठ पूजा के बाद एक बाइक पर सवार होकर तीनों जानीपुर बाजार घूमने गए थे। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक बाइक पर तीन लोगों को बैठाने के बावजूद विक्की काफी तेज गति से गाड़ी चल रहा था। बाजार से लौटने के क्रम में जैसे ही तीनों सरैया गांव के नजदीक पहुंचे कि उनकी बाइक ने नियंत्रण खो दिया। टायर फिसलने से तीनों की सड़क पर गिरे और घिसटते हुए दूर चले गए। हादसे में विक्की चौथरी के सिर में गंभीर चोट आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अशोक कुमार और विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया। बताया जाता है कि दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे से छठ की खुशियां गम में बदल गई हैं। मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button