निर्मला सीतारमण दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में शुमार है :-

हर साल की तरह इस साल भी फोर्ब्स मैगजीन ने दुनिया की 100 प्रभावशाली महिलाओं की सूची जारी की है। इस लिस्ट में भारत के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ और एचसीएल इंटरप्राइज की सीईओ रोशनी नादर मल्होत्रा को भी शामिल किया गया है। बता दें कि निर्मला सीतारमण को फोर्ब्स ने इस सूची में 41वें स्थान पर रखा है। वहीं, नादर मल्होत्रा 55वें और किरण मजूमदार शॉ 68वें नंबर पर रहीं।
किन महिलाओं ने हासिल की लिस्ट में जगह
मंगलवार को जारी हुई फोर्ब्स की वर्ष 2020 की सूची में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने लगातार दसवीं बार शीर्ष पायदान पर कब्जा कायम रखा है। वहीं यूरोपियन सेंट्रल बैंक की प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड लगातार दूसरी बार दूसरे स्थान पर रहीं। अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस सूची में तीसरे पायदान पर हैं। बिल एवं मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की मेलिंडा गेट्स पांचवें स्थान पर हैं। लैंडमार्क समूह की अध्यक्ष रेणुका जगतियानी को 98वां स्थान हासिल हुआ।
गौरतलब है कि फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की 17वीं वार्षिक सूची के लिए 30 देशों की चार पीढ़ियों तक की महिलाओं में से चयन किया गया। सूची में 10 राज्यों की प्रमुख, 38 सीईओ और पांच कलाकार शामिल हैं। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा एर्डर्न को 32वां और ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन को 37वां स्थान मिला। वहीं, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 39वें और ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 46वें स्थान पर रहीं।