उत्तर प्रदेश
देवरिया कांड :एसआइटी ने जब्त की संचालिका के परिवार की लाल रंग की कार
देवरिया (जेएनएन)। देश तथा प्रदेश को हिला देने वाले मां विंध्यवासिनी शेल्टर होम कांड की जांच कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम (एसआइटी) ने आज बड़ी सफलता प्राप्त की है। एसआइटी ने देवरिया कांड के मामले में उस लाल रंग की कार को जब्त किया है, जिसका लड़कियों ने जिक्र किया था।
देवरिया के मां विंध्यवासिनी शेल्टर होम कांड की जांच कर रही एआइटी ने आज संचालिका के परिवार की लाल रंग की कार जब्त की है। शेल्टर होम में बच्चियों के शारीरिक शोषण की जांच कर रही एसआई टी ने एक लाल रंग की कार को कब्जे में लिया है। इस कार के बारे में बताया जा रहा है कि यह कार संचालिका गिरिजा त्रिपाठी के परिवार की है। फिलहाल टीम इस कार की जांच कर रही है।
मां विंध्यवासिनी शेल्टर होम से भागी एक बच्ची ने पुलिस को बताया था कि कभी लाल तो कभी सफेद रंग की कार आती थी और लड़कियों को ले जाती थी। एसआईटी की टीम ने गिरिजा के अलावा उसके पति मोहन त्रिपाठी और बालिका गृह की अधीक्षिका कंचनलता को भी रिमांड पर लिया है। इन लोगों से तीन दिन तक गहन पूछताछ की जाएगी। कुछ दिनों में सीबीआई की टीम भी एनजीओ संचालिका गिरिजा त्रिपाठी से पूछताछ कर सकती है।