LIVE TVMain Slideखबर 50दिल्ली एनसीआरदेश

उत्तर भारत में बढ़ी ठण्ड 7 डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज

उत्तर भारत में शीतलहर के चलते ठंड भी बढ़ गई है. भारत मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में शीतलहर चल रही है. आज तापमान 2 डिग्री तक जा सकता है.

मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में कोहरे की भी आशंका है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी कोहरे की आशंका जाहिर की है. वहीं, राजस्थान में पारा माइनस में चला गया है. जबकि शिमला में तापमान फ्रिजिंग पॉइंट से नीचे चला गया है. हरियाणा का नारनौल शिमला से भी ठंडा है.

विभाग के अनुसार शुक्रवार को तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. देश के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को प्रचंड शीत लहर जारी रही जहां ठंड लगातार बढ़ रही है. दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है.

सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया क्योंकि पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं लगातार दिल्ली में चल रही हैं. आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Related Articles

Back to top button